तेतरवेनामा
लोकपाल नहीं लौह्पाल बनाना है
दिलीप तेतरवे
मन्ना लाल खुश हैं कि उनके नाम में देश के एक मात्र सामजिक प्राणी के नाम का अंतिम अंश शामिल है. मन्ना और अन्ना के बीच तुकबंदी हो सकती है. मन्ना लाल तैश में हैं. उनहोंने आन्ना जी की भाषा और ठस्सेबाजी अपना ली है. और जब देखो तब वे शुरू हो जाते हैं," अरे आप लोग क्या जानियेगा. हमें तो लोकपाल नहीं लौह्पाल बनाना है. अगर मुझे लगा कि लौह्पाल से काम नहीं चलेगा तो मैं हीरापाल या प्लेटिनमपाल बनाउंगा."
सो मन्ना लाल लग गए हैं," अरे जनाब हमें वह बात भी सीना ठोंक कर कह देने की आदत है जो अन्ना जी कहते हुए डर-खप जाते हैं.यानी कि हम जो लौह्पाल या प्लेटिनमपाल बनायेंगे वह आरएसएस के सरसंघचालक जैसा सुप्रीम कुर्सीदार होगा. बड़ा ही खूंखार होगा. जिसका नाम सुनते ही मंत्री पद की शपथ लेने पहुंचे नेता, शपथ पत्र फाड़ कर हिमालय की और चल देंगें और संन्यास ले लेंगे. जिसके खड़े होते ही संसद, न्यायपालिका, कार्यपालिका और पत्रकारिता शाष्टांग दंडवत हो जायेंगे. जिसका फुल कंट्रोल संसद के ऊपर होगा. संसद में हर सदस्य वही बोलेगा जो मेरा लौह्पाल बोलने के लिए स्वीकृति देगा. ठीक उसी तरह जैसे आर एस एस के सरसंघ चालक के इशारे पर उसका संघ, उसके मातहत की संस्थाएं और विविन्न कोटि के सदस्य बोलते हैं. लौह्पाल को छोड़ कर किसी अन्य चिन्तक, नेता, न्यायाधीश, अफसर, चपरासी या चोर-उचक्का को सोचने-समझने की छूट नहीं होगी."
मन्ना लाल बड़े भयानक चिन्तक हैं, " मैं चिंतन करते हुए किसी बात की चिंता नहीं करता. मैं चिंतन करते हुए तथ्यों और आधारों की चिंता नहीं करता. मैं बाथरूम में बीड़ी के कस लगाते हुए जो सोचता हूँ वही फ़ाइनल होता है. सो मैंने फाइनल कर दिया है कि मेरा लौह्पाल जनता के बीच कभी कभी या साल दो साल में प्रकट होगा. उनके सामने जितने व्यक्ति बैठेंगे उनका नाम और पता लौह्पाल चेक करेंगे और उनकी भक्ति का प्रमाणपत्र भी देखेंगे. जो उनका भक्त नहीं होगा वह उनके सामने पंक्ति में नहीं बैठ पायेगा. बिलकुल आर एस एस की बैठकों की तरह. मेरे लौह्पाल के सामने बैठे व्यक्तियों की पूरी गिनती होने के बाद इसकी सूचना लौह्पालक को उनके परम भक्त और सेवक देंगे. फिर जो मेरे लौह्पालक बोलेंगे वह ब्रह्मलकीर हो जाएगा."
मन्ना लाल का स्पष्ट चिंतन है," लौह्पाल का दिमाग ऐसे तो खाली होगा, लेकिन उनके सलाहकार बड़े घाघ होंगे. वे घाघ भूषन होंगे या फिर नागफूषण होंगे,यह तो वक्त ही बताएगा. लेकिन, वे दिन में करप्ट लोगों की कोर्ट में पैरवी करेंगे और शाम में मेरे लौह्पाल को करप्शन दूर करने के तरीके बताएँगे. और मेरे लौह्पाल उसी पर अमल करेंगे. करप्शन वही दूर कर सकता है जो घाघ भूषण हो या नागफूषण. करप्शन सरदारभूषन दूर नहीं कर सकते, क्योंकि उनको करप्शन करने का थोडा भी अनुभव नहीं है. जीरो करप्शन की मानसिकता वाले लोग नक्कारा होते हैं. मेरा लौहपाल भी करप्शन एक्सपर्ट होगा. वह जो बोलेगा, वह कभी करेगा नहीं. वह वक्त के अनुसार अपने सिद्धांत और नीति बदलता रहेगा. उसके पास मुखौटों का बड़ा भण्डार होगा."


